भारी बारिश और जलभराव के चलते लखीमपुर-खीरी में कल बंद रहेंगे 12वीं तक के सभी स्कूल
लखीमपुर-खीरी। जिले में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश, जलभराव और अतिवृष्टि की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार, कल यानी 26 सितंबर 2026 को जनपद के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
कार्यालय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से जारी कार्यालय आदेश के मुताबिक, यह नियम जिले के सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, सीबीएसई (CBSE), आईसीएसई (ICSE) और अन्य सभी बोर्डों से संचालित हिंदी व अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों पर लागू होगा।
नर्सरी से कक्षा 12 तक छुट्टी
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल कल पूरी तरह बंद रहेंगे। अधिकारियों ने सभी स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन करने का निर्देश दिया है, ताकि खराब मौसम में बच्चों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
