पीएमश्री विद्यालय के बच्चों-शिक्षकों को मिलेंगे आईकार्ड
लखनऊ। प्रदेश में इंग्लिश मीडियम स्कूलों की भांति अब 1565 पीएमश्री विद्यालयों के बच्चों व शिक्षकों को भी आईकार्ड जारी किए जाएंगे। इसमें बच्चों के नाम, पता, जन्मतिथि आदि के साथ-साथ उनका ब्लड़ ग्रुप व अपार आईडी की भी जानकारी होगी। इससे उनके बारे में बेसिक जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। साथ ही किसी आपात स्थिति में उनके परिजनों से संपर्क व स्वास्थ्य का ध्यान रखा जा सकेगा। शिक्षक पहचान पत्र में मानव संपदा पहचान संख्या, नाम, पदनाम, पिता-पति का नाम, जन्मतिथि, विद्यालय का नाम, विकासखंड का नाम, जिला, वर्तमान पता, मोबाइल नंबर, ब्लड ग्रुप आदि का उल्लेख होगा। समग्र शिक्षा में इसके लिए प्रति पहचान पत्र 50 रुपये कुल 2.30 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया है। इसके बाद महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने सभी बीएसए को इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर आईकार्ड वितरण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शिक्षकों व छात्रों के आईकार्ड का प्रोफार्मा भी जारी किया है। यहां पर छात्रों की संख्या 4.47 लाख और शिक्षकों की संख्या 12802 है। इन सभी को यह कार्ड दिए जाएंगे।
