छह माह में एक लाख युवाओं को देंगे सरकारी नौकरी : योगी
कृषि विभाग में चयनित 3446 प्राविधिक सहायकों व 126 मंडी सचिवों को सौंपा नियुक्ति पत्र
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने नौ साल में 9.30 लाख युवाओंको सरकारी नौकरी दी है। आगे छह माह में एक लाख से अधिक युवाओं को नौकरी दी जाएगी। वह मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मिशन रोजगार के तहत उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा कृषि विभाग में नवचयनित 3446 प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) व 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र सौंपने के बाद युवाओं को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने पारदर्शी नियुक्ति दी है तो आप भी इसका लाभ प्रदेश, भावी पीढ़ी और देश को दें। कर्तव्य का ईमानदारी से निर्वहन ही 'नेशन फर्स्ट' की थ्योरी है। सीएम ने कहा कि हमारे आयोग व बोर्ड पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया से बिना भेदभाव, आरक्षण नियमों का पालन करते हुए योग्य अभ्यर्थियों को मेरिट के अनुसार सफलतापूर्वक नियुक्ति पत्र दिला रहे हैं। अधिकारियों से कहा कि आपके कार्यों में सरकार का कोई हस्तक्षेप नहीं है। यदि हमने स्वतंत्रता दी है तो समय से परिणाम लाइए।
नौकरी पाने वालों के साथ सेल्फी लेते सीएम योगी।
अधियाचन जाने के बाद परिणाम आने में छह महीने से अधिक नहीं लगना चाहिए।
एक महीने के अंदर विज्ञापन और अगले दो महीने के अंदर परीक्षा कराएं। प्रक्रिया को सहज-सरल बनाएं, जिससे युवा अपनी ऊर्जा का लाभ दे सके। जब हम युवा ऊर्जा को साथ लेकर चलते हैं तो परिणाम आते हैं।
