बीएडः सीट आवंटन से छूटे अभ्यर्थी अब 20 तक भर सकेंगे चॉइस
झांसी। प्रदेश के बीएड कॉलेजों में सीट आवंटन से छूटे, प्रवेश न लेने और पहले चरण की काउंसलिंग में शामिल न होने वाले अभ्यर्थियों के लिए अब दूसरे चरण की काउंसलिंग शुरू हो गई है। एक से अंतिम रैंक तक के अभ्यर्थियों के पास फिर से पंजीकरण कराकर 20 अगस्त कॉलेज च्वाइस (मनचाहा विकल्प) भरने का मौका है। 21 को सीट आवंटन किया जाएगा। प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों में बीएड की लगभग 2.40 लाख सीटें हैं। पहले राउंड के प्रथम चरण के लिए बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने एक जुलाई से पंजीकरण खोला था। 23 जुलाई तक चली काउंसलिंग के दौरान एक से डेढ़ लाख रैंक तक के अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। फिर 24 जुलाई से दूसरे चरण के लिए 1,50,001 से अंतिम रैंक तक के अभ्यर्थियों के लिए पंजीकरण खोला गया। काउंसलिंग 15 अगस्त तक चली। अब 16 अगस्त से दूसरे राउंड की काउंसलिंग शुरू हो चुकी है।
