UPTET NEWS: टीईटी परिणाम में देरी, अटकीं नई भर्तियां, शिक्षा सेवा चयन आयोग की अध्यक्ष ने क्या कहा रिजल्ट के बारे में
सत्यापन पूरा होने के बाद टीईटी का परिणाम जारी होगा। शिक्षकों के रिक्त पदों के प्राप्त अधियाचन पूर्ण नहीं हैं। अधियाचन पूर्ण होते ही भर्तियां निकाली जाएंगी। आयोग पूरी तैयारी कर चुका है।
डॉ. प्रशांत कुमार, अध्यक्ष, शिक्षा सेवा चयन आयोग
प्रयागराज। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के परिणाम में देरी से कई भर्तियां अटक गई हैं। साथ ही असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती भी विवादों के घेरे में है। शिक्षा सेवा चयन आयोग की रफ्तार सुस्त होने से अभ्यर्थी परेशान हैं। वहीं, आयोग का कहना है कि रिक्त पदों का अधियाचन पूर्ण न होने से भर्तियों में विलंब हो रहा है। अधियाचन पूर्ण होते ही भर्तियां निकाली जाएंगी।
जनवरी-2026 में डॉ. प्रशांत कुमार ने आयोग के अध्यक्ष का कार्यभार संभाला। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं को निष्पक्ष बनाने के लिए तकनीकी बदलाव किए। इसमें डिजिटल ट्रैकिंग, एआई आधारित निगरानी और बायोमीट्रिक सत्यापन शामिल हैं।
वर्ष 2025 में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती 2022 का पेपर आउट हुआ था। दोबारा परीक्षा 18 और 19 अप्रैल 2026 को हुई। नौ जून को परिणाम आया। साक्षात्कार 21 जुलाई से शुरू हुए पर 22 जुलाई
को कोर्ट के आदेश पर स्थगित कर दिए गए। वहीं, जुलाई के प्रथम सप्ताह में हुई टीईटी परीक्षा का परिणाम भी अभी घोषित नहीं हुआ है। इस वजह से आगामी भर्तियां अटकी हैं।
विज्ञापन न जारी होने से अभ्यर्थीमायूस
आयोग ने 21 जुलाई को अशासकीय अनुदानित सह शिक्षा महाविद्यालयों के प्राचार्य के 111 पदों का ऑनलाइन विज्ञापन जारी किया। इसकी परीक्षा सितंबर प्रस्तावित है।
माध्यमिक शिक्षा के प्रधानाचार्य, टीजीटी और पीजीटी और नगर क्षेत्र के लिए बेसिक शिक्षा परिषद की शिक्षक भर्ती के लिए अपलोड किए गए अधियाचन का विज्ञापन भी जारी नहीं हुआ है। इस वजह से भी अभ्यर्थियों में मायूसी है।
