एसटीएफ 6200 शिक्षकों के अभिलेख की जांच करेगी
बहराइच, । जिले के बेसिक स्कूलों में कार्यरत करीब 6200 शिक्षकों के शैक्षिक अभिलेखों की जांच स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) करेगी। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के दस्तावेज जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्र के शिक्षकों के अभिलेख 15 दिनों के भीतर कार्यालय में जमा कराएं। दस्तावेजों के साथ दो नोटरी शपथ पत्र अनिवार्य किए गए हैं। जांच की सूचना से शिक्षकों में हलचल है। जिले में 2803 बेसिक स्कूल संचालित हैं।
इनमें करीब पांच लाख छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इनकी पढ़ाई के लिए लगभग 6200 शिक्षकों की तैनाती है। अब इन सभी के शैक्षिक अभिलेखों का सत्यापन कराया जाएगा। बीएसए कार्यालय में जमा होने वाले दस्तावेज शासन के माध्यम से एसटीएफ को भेजे जाएंगे। एसटीएफ संबंधित बोर्ड और विश्वविद्यालयों से सीधे प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराएगी। जिले में पहले भी फर्जी अंकपत्र और जाली टीईटी प्रमाण पत्रों के सहारे नौकरी पाने के मामले सामने आ चुके हैं। जांच में किसी शिक्षक के अभिलेख फर्जी पाए जाने पर सेवा समाप्ति, एफआईआर और वेतन वसूली जैसी कार्रवाई हो सकती है।
