यूपी में नौकरियों की कोई कमी नहीं: CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि सूबे में नौकरियों की कमी नहीं है। सरकारी व निजी क्षेत्र में युवाओं को लगातार रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में पौने दस लाख सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। 26 जनवरी तक लगातार नियुक्ति पत्रों के वितरण का सिलसिला जारी रहेगा।
योगी शुक्रवार को महानगर के चंपादेवी पार्क में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के दूसरे चरण के इस समारोह में गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। मुख्यमंत्री ने 23 विद्यार्थियों को अपने हाथों से टैबलेट भेंट किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि हाल में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा
, पंचायती राज, पुलिस, खेल और राजस्व विभागों में 16 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां हुई हैं। उन्होंने कहा कि 8 हजार लेखपाल, 32 हजार पुलिसकर्मी और 42 हजार से अधिक होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
26 जनवरी तक हर पांच से सात दिन में नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब भर्ती परीक्षाओं में टैलेंट के आधार पर फटाफट चयन हो रहा है।
चलता फिरता विवि है टैबलेट
सीएम ने युवाओं से टैबलेट का उपयोग केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि पढ़ाई और कौशल विकास में करने को कहा। टैबलेट एक चलता फिरता विश्वविद्यालय है, जिसमें 18 हजार निःशुल्क कोर्स उपलब्ध हैं।
मुख्यमंत्री जिस समय छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित कर रहे थे उसी समय उन्हें उनकी मां के निधन की सूचना दी गई। वे व्यथित हुए लेकिन उन्होंने कार्यक्रम जारी रखा और टैबलेट वितरित कर रवाना हुए।
