बिसलेरी विवाद के बाद देशभर में पैकेटबंद पानी की शुरू हुई जांच, उपभोक्ताओं के लिए जरूरी सलाह
रैंडम सैंपल एकत्र कर रहा एफएसएसएआई, औचक निरीक्षण भी
नई दिल्ली। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने बिसलेरी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी देने के तुरंत बाद, देशभर में सभी प्रमुख और स्थानीय बोतलबंद पानी ब्रांड्स की व्यापक जांच शुरू कर दी है।
नियामक ने बिसलेरी के अतिरिक्त उत्पादों के साथ-साथ देशभर में प्रतिस्पर्धी बोतलबंद पानी कंपनियों के रैंडम सैंपल एकत्र करने शुरू कर दिए हैं और उन्हें लैब में गुणवत्ता जांच के लिए भेजा जा रहा है। पानी की शुद्धता के अलावा अधिकारी बाजार में बिक रहे ऐसे लोकल ब्रांड्स की भी जांच कर रहे हैं जो स्थापित कंपनियों से मिलते-जुलते नामों और भ्रामक लेबलिंग का इस्तेमाल कर रहे हैं।
दरअसल पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर और मिनरल वॉटर को 'हाई रिस्क फूड कैटेगरी' में रखा जाता है। ऐसे में पानी की गुणवत्ता के साथ ही बॉटलिंग प्लांट्स का भी औचक निरीक्षण किया जा रहा है।
बिसलेरी की सफाई-ब्रोमेट तय सीमा में : इधर बिसलेरी इंटरनेशनल ने पूरे मामले पर सफाई देते हुए कहा है कि रेफरल लैब और कंपनी द्वारा एक स्वतंत्र (एफएसएसएआई मान्यता प्राप्त) लैब में कराई गई जांच में ब्रोमेट तय सीमा के भीतर ही पाया गया था।
उपभोक्ताओं के लिए जरूरी सलाह
पैकेज्ड पानी खरीदते समय बोतल की सील, बैच नंबर, निर्माण तिथि और एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर जरूर जांचें।
पानी की बोतलों को सीधी धूप या अत्यधिक गर्मी में रखने से बचें और डिस्पोजेबल बोतलों का कभी भी दोबारा इस्तेमाल न करें।
बोतल का ढक्कन और उसकी सुरक्षा रिंग पूरी तरह बंद होनी चाहिए। अगर बोतल दबाने पर हवा या पानी लीक हो रहा हो, तो उसे न खरीदें।
