20 करोड़ रुपये से होगा सांसद और विधायक खेल स्पर्धाओं का आयोजन
लखनऊ। प्रदेश में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए सांसद और विधायक खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के लिए शासन की ओर से युवा कल्याण विभाग को 20 करोड़ रुपये का बजट दिया गया है। इसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विधायक खेल स्पर्धा के आयोजन के लिए तीन लाख रुपये और प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल स्पर्धा के लिए 9.90 लाख रुपये आवंटित किए जाएंगे।
इन आयोजनों के जरिये प्रदेश के पांच लाख से अधिक खिलाड़ियों को खेल गतिविधियों से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। प्रारंभिक तौर पर झांसी में खेल आयोजन शुरू हो गए हैं। प्रतियोगिताओं का आयोजन सब जूनियर, जूनियर और सीनियर आयु वर्ग में किया जाएगा। इसमें बालक, बालिका, पुरुष और महिला वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एथलेटिक्स, कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबाल, फुटबाल, भारोत्तोलन, जूडो और बैडमिंटन समेत आठ खेल विधाओं में मुकाबले करने का अवसर मिलेगा। संसदीय खेल स्पर्धाओं का आयोजन 21 दिसंबर तक पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद जोन स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। प्रदेश को इसके लिए आठ जोन में बांटा गया है। इनमें लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर, बरेली, आगरा, अलीगढ़ और मेरठ को शामिल किया गया है। जोन स्तर की प्रतियोगिताओं को जनवरी के प्रथम सप्ताह तक पूरा कराने की तैयारी है।
सांसद खेल स्पर्धा में विजेता खिलाड़ी जोन स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद जोन स्तर पर सफल रहने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा।
राज्य स्तर पर भी सब जूनियर, जूनियर और सीनियर आयु वर्ग में मुकाबले कराए जाएंगे। प्रत्येक स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन तीन-तीन दिन का होगा।
इन खेलों के आयोजन का उद्देश्य गांव-गांव में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और प्रदेश में खेल सुविधाओं का विस्तार करने पर भी जोर दिया जा रहा है। -सुहास एलवाई (महानिदेशक, युवा कल्याण विभाग)