मतदाताओं को 23 अक्तूबर को विशेष अवकाश
लखनऊ। विधान परिषद की खंड स्नातक व खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की 11 सीटों पर चुनाव के लिए 23 अक्तूबर को मतदान होगा। चुनाव में 14.18 लाख मतदाता 152 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। चुनाव के दिन मतदाताओं को विशेष आकस्मिक अवकाश दिया जाएगा।
विधान परिषद की खंड स्नातक की पांच सीटों लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, इलाहाबाद-झांसी और खंड शिक्षक की छह सीटों लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद, गोरखपुर-फैजाबाद के खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान होगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान करने के लिए खंड स्नातक व खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 14.18 लाख मतदाताओं को 23 अक्तूबर को विशेष आकस्मिक अवकाश दिया जाएगा। अवकाश दिए जाने के आदेश मंगलवार को जारी कर दिए गए।
