माध्यमिक विद्यालयों में 20382 पदों के लिए भर्ती खुली, पहली बार ओटीआर व्यवस्था लागू
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) के 17735 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन व परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आज से शुरू हो जाएगी। अभ्यर्थी 23 नवंबर तक आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 26 नवंबर है। परीक्षा का आयोजन 23 और 24 दिसंबर को किया जाएगा। ब्यूरो
टीजीटी के 17735 पदों पर आवेदन आज से
प्रधानाध्यापक के 2647 पदों के लिए भी आवेदन
प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों (इंटरमीडिएट स्तर) में प्रधानाध्यापक के 1,475 पदों पर भी भर्ती की जाएगी। इनमें बालक विद्यालयों के लिए 1,318 पद व बालिका विद्यालयों के लिए 157 पद शामिल हैं।
हाईस्कूल स्तर के प्रधानाध्यापक के 1,172 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें बालक विद्यालयों के लिए 1,037 पद व बालिका विद्यालयों के लिए 135 पद निर्धारित किए गए हैं। इन पदों के लिए 23 अक्तूबर से आवेदन शुरू हो गए। परीक्षा सात जनवरी को होगी। यह जानकारी चयन आयोग के उप सचिव संजय कमार सिंह ने दी।
पहली बार ओटीआर व्यवस्था लागू : उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि आवेदन के लिए पहली बार वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) व्यवस्था लागू की गई है। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन से पहले ओटीआर प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य है। शैक्षिक अर्हता और पात्रता संबंधी विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
