बाल वाटिका का यू-डायस पोर्टल पर दर्ज होगा विवरण, 15 दिनों में शत-प्रतिशत डाटा एंट्री पूरी करने के दिए निर्देश
लखनऊ। प्रदेश में बालवाटिकाओं में नामांकित बच्चों का विवरण डिजिटल पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। परिषदीय विद्यालयों में शुरू की गई बालवाटिकाओं और को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों में नामांकित बच्चों का विवरण यू-डायस प्लस पोर्टल पर 'शत-प्रतिशत दर्ज कराया जाए। इसके लिए 15 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा, मोनिका रानी ने कहा है कि यू-डायस प्लस पोर्टल के स्टूडेंट मॉड्यूल के सेक्शन-4 में बालवाटिकाओं व कोलोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों में नामांकित बच्चों का विवरण दर्ज किया जाएगा। यह प्रक्रिया शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सांख्यिकी ब्यूरो के निर्देश में पूरी की जाएगी। संबंधित बच्चों के विवरण का सत्यापन करते हुए पोर्टल पर शत-प्रतिशत डसटा दर्ज किया जाए।
उन्होंने सभी बीएसए को निर्देश दिए हैं कि डाटा एंट्री में सावधानी रखेंगे। विवरण का सत्यापन करने और विकासखंडवार प्रगति की नियमित समीक्षा भी की जाएगी। वरिष्ठ विशेषज्ञ (प्री-प्राइमरी), समग्र शिक्षा व मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशकों को भी डाटा की गुणवत्ता का नियमित अनुश्रवण करने के निर्देश दिए हैं। इससे बालवाटिकाओं में नामांकित बच्चों का विवरण व्यवस्थित रूप से दर्ज करने और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा कराने को कहा गया है। बता दें कि यू-डायस पोर्टल पर इन बच्चों का भी विवरण आने से केंद्रीय योजनाओं के तहत बजट आवंटन की प्रक्रिया आसान होगी।
