प्रधानाचार्य के 1,475, प्रधानाध्यापक के 1,172 पदों पर भर्ती शुरू
प्रयागराज उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों (इंटरमीडिएट स्तर) में प्रधानाचार्य के 1,475 पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञप्ति (विज्ञापन संख्या- 08/2026) जारी कर दी है। इन पदों के सापेक्ष आनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन की प्रक्रिया शुक्रवार, 23 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। इसीक्रम में अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों (हाईस्कूल स्तर) में प्रधानाध्यापक के 1,172 पदों पर भर्ती के लिए भी विज्ञापन जारी कर दिया गया है।
आयोग के अध्यक्ष डा. प्रशांत कुमार ने बताया कि माध्यमिक विद्यालयों (इंटरमीडिएट स्तर) में प्रधानाचार्य के विज्ञापित कुल 1,475 पदों में बालक विद्यालयों के लिए 1,318 पद तथा बालिका विद्यालयों के लिए 157 पद सम्मिलित हैं।
विज्ञापित पदों के सापेक्ष आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को 'वन टाइम रजिस्ट्रेशन' की व्यवस्था का पालन करना होगा। आयोग के उपसचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि अभ्यर्थियों के लिए आनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 22 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। यदि आवेदन पत्र में किसी प्रकार का सुधार करना हो, तो उसके संशोधन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 है। परीक्षा सात जनवरी 2027 को प्रस्तावित है। अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों (हाईस्कूल स्तर) में प्रधानाध्यापक की भर्ती के लिए (विज्ञापन संख्या-09/2026) भी आवेदन शुरू हो चुका है। विज्ञापित कुल 1,172 पदों में से बालक विद्यालयों के लिए 1,037 पद तथा बालिका विद्यालयों के लिए 135 पद निर्धारित हैं। इसके लिए भी शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 22 नवंबर है।
