पुरानी पेंशन बहाली व टीईटी से राहत के लिए अटेवा की रैली आज
लखनऊ। अटेवा पेंशन बचाओ मंच 25 सितंबर को पुरानी पेंशन बहाली, टीईटी से राहत के लिए लखनऊ के ईको गार्डन में रैली कर रहा है। इसमें प्रदेश भर के शिक्षक-कर्मचारी शामिल होंगे। शिक्षक-कर्मचारी, अधिकारी संगठनों ने रैली का समर्थन किया है।
ईको गार्डन में एकत्र होंगे शिक्षक-कर्मचारी
इस संबंध में बृहस्पतिवार को हुई बैठक में अटेवा के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बंधु ने कहा कि कई साल से प्रदेश में शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना सामाजिक सुरक्षा है। साथ ही निजीकरण, टीईटी की अनिवार्यता की समाप्ति की मांग की जा रही है। पर, सरकार कोई निर्णय नहीं ले रही है। इसलिए रैली के माध्यम से शिक्षक-कर्मचारी सीएम का ध्यान आकृष्ट कराएंगे। प्रदेश महामंत्री डॉ. नीरजपति त्रिपाठी ने कहा कि अटेवा के संघर्ष के कारण ही राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश में पुरानी पेंशन बहाल हो चुकी है। वहीं, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महासंघ के महामंत्री अशोक कुमार, पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के रामेंद्र श्रीवास्तव, अटेवा उपाध्यक्ष सत्येंद्र राय व चंद्रहास सिंह, प्रदेश मंत्री विजय प्रताप, आर्यन वेद ने रैली की तैयारियों का जायजा लिया।
