टीजीटी और पीजीटी भर्ती में पुरानी नियमावली बहाली के लिए आंदोलन
प्रयागराज । टीजीटी-पीजीटी भर्ती में पुरानी नियमावली व पुराने परीक्षा पैटर्न को बहाल करने की मांगों के समर्थन में युवा मंच के बैनर तले अभ्यर्थी आंदोलन की राह पर हैं। सोमवार को सिविल लाइंस स्थित धरना स्थल पर अभ्यर्थियों ने धरना प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने कहा, जब तक सरकार उनकी जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
उनका कहना है कि अचानक नियमों में बदलाव किए जाने से उत्तर प्रदेश के लगभग सात लाख से अधिक नौजवान प्रभावित हो रहे हैं। युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि युवाओं की मांग पूरी तरह जायज है और सरकार को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। S
उन्होंने कहा कि यदि सरकार अगले 24 घंटे के भीतर पुरानी नियमावली एवं पुराने पैटर्न की बहाली का आदेश जारी नहीं करती है, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा तथा विवश होकर अभ्यर्थी आमरण अनशन की दिशा में कदम उठाएंगे।
धरना स्थल पर प्रदर्शन करते अभ्यर्थी।
धरने में अमित पांडेय, अखिलेश वर्मा, एलके चौधरी, अशोक सिंह, सुनील विश्वकर्मा, सुशील श्रीवास्तव, केडी वर्मा, महोत कुमार दुबे, भानु पांडेय, दीपा सिंह समेत अन्य रहे।
उधर, अभ्यर्थियों के आंदोलन को समर्थन देने के लिए कांग्रेस के पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह भी पहुंचे थे। उन्होंने आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि वे युवाओं के साथ हैं और अभ्यर्थियों की मांग जायज है।
