फर्जी दिव्यांगता प्रमाणपत्र लगाकर बनी शिक्षिका, प्राथमिकी दर्ज
बहराइच। राजकीय हाईस्कूल विशेश्वरगंज में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात शिक्षिका श्वेता के खिलाफ फर्जी दिव्यांगता प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने के आरोप में कोतवाली नगर में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीएमओ ने बताया कि संयुक्त शिक्षा निदेशक, देवीपाटन मंडल, गोंडा की ओर से 21 सितंबर को शिक्षिका की नियुक्ति के समय प्रस्तुत दिव्यांगता प्रमाणपत्र की छायाप्रति सत्यापन के लिए भेजी गई थी। प्रमाणपत्र का मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के अभिलेखों से
मिलान कराया गया। जांच में श्वेता के नाम से प्रस्तुत प्रमाणपत्र कार्यालय से निर्गत होना नहीं पाया गया। इसके बाद सीएमओ ने पुलिस को तहरीर दी। अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने मामले की रिपोर्ट संयुक्त शिक्षा निदेशक, देवीपाटन मंडल, अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और जिला विद्यालय निरीक्षक बहराइच को भी भेजी है।
