भारी बारिश का अलर्ट: सीतापुर में कल कक्षा 8 तक के सभी स्कूल बंद, BSA ने जारी किया आदेश
सीतापुर। जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देशानुसार कल यानी 26 सितंबर 2026 को कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा 08 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) डॉ. गोरखनाथ पटेल ने आधिकारिक कार्यालय आदेश जारी कर दिया है।
सभी बोर्ड के स्कूलों पर लागू होगा आदेश
बीएसए द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, यह आदेश जनपद सीतापुर के अंतर्गत आने वाले सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, सीबीएसई (CBSE), आईसीएसई (ICSE) और अन्य सभी बोर्डों से संचालित होने वाले विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा के मद्देनजर कल स्कूल में बच्चों के लिए अवकाश घोषित किया गया है।
शिक्षकों और कर्मचारियों को आना होगा स्कूल
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश केवल छात्रों के लिए है। विद्यालय में कार्यरत सभी शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को नियमित रूप से उपस्थित रहना होगा। वे स्कूल में रहकर अपने विभागीय कार्यों का नियमानुसार निर्वहन करेंगे।
बीएसए ने सभी संबंधित अधिकारियों और स्कूल प्रबंधकों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
