भारी बारिश का अलर्ट: गोंडा में कल बंद रहेंगे कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल
गोंडा। जनपद में हो रही अत्यधिक भारी बारिश (अतिवृष्टि) के दृष्टिगत छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी (DM) के निर्देशानुसार, जिले में संचालित कक्षा 1 से लेकर कक्षा 8 तक के सभी विद्यालयों में कल यानी शनिवार (26.09.2026) को अवकाश घोषित किया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के मुताबिक, यह नियम जिले के सभी बोर्डों पर लागू होगा। इसके तहत सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, निजी मान्यता प्राप्त, सीबीएसई (CBSE) और आईसीएसई (ICSE) बोर्ड से संचालित स्कूलों में छात्रों के लिए छुट्टी रहेगी।
शिक्षकों को आना होगा स्कूल
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश केवल छात्र-छात्राओं के लिए है। विद्यालय के सभी शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को सामान्य दिनों की तरह स्कूल में उपस्थित रहना होगा। वे स्कूल में रहकर विभागीय कार्य जैसे यू-डायस पोर्टल, डीबीटी (DBT), प्रेरणा पोर्टल पर छात्र-छात्राओं का नामांकन, एचएसआर, ईको क्लब और अन्य जरूरी कागजी व विद्यालयी कार्यों का निस्तारण करेंगे।
बीएसए ने सभी संबंधित अधिकारियों और प्रधानाचार्यों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
