69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती : कटऑफ तक बीटीसी पास नहीं तो नियुक्ति का हक नहीं
प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती से जुड़े मामले में चार अभ्यर्थियों को राहत देने से इन्कार कर याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने कहा कि भर्ती में निर्धारित अंतिम तिथि तक अभ्यर्थी के पास जरूरी शैक्षिक योग्यता होना अनिवार्य है। बाद में बैक पेपर पास कर लेने से पात्रता पिछली तारीख से नहीं मानी जा सकती। यह आदेश न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान ने बलिया निवासी दिलीप कुमार यादव व तीन अन्य की याचिका पर दिया।
69 हजार सहायक शिक्षकों की भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 22 दिसंबर 2018 थी। इसमें दो वर्षीय बीटीसी प्रशिक्षण प्रमाणपत्र आवश्यक योग्यता था। याचिकाकर्ता उस समय बीटीसी परीक्षा में सफल नहीं हुए थे। बाद में उन्होंने बैक पेपर दिया। अगस्त 2019 को उनका बीटीसी प्रमाणपत्र जारी हुआ।
इसके बावजूद उनका आवेदन स्वीकार हुआ, उन्हें भर्ती परीक्षा में शामिल होने का मौका मिला और बाद में चयन के बाद बलिया में सहायक शिक्षक के पद पर नियुक्ति भी दी गई। उन्हें वेतन भी मिलता रहा।
