बेसिक व माध्यमिक शिक्षा मंत्री से मिले 68500 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थी
लखनऊ। 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण मामले में बृहस्पतिवार को अभ्यर्थियों की बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह, माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी व विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक हुई। अभ्यर्थियों ने आरक्षण पर संशोधित परिणाम व नियुक्ति देने की मांग की। अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश के अनुपालन की मांग की। उन्होंने आयोग के आदेश के अनुसार ओबीसी वर्ग को आरक्षित श्रेणी में मानते हुए पूर्णांक 150 में से 60 अंक देकर संशोधित परिणाम जारी करने तथा पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग की। साथ ही भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण की गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी की। बेसिक शिक्षा मंत्री ने अभ्यर्थियों की बात सुनकर आश्वासन दिया कि वे इस मामले में सीएम से वार्ता करेंगे। इस पर अंतिम सकारात्मक निर्णय उनके स्तर से ही लिया जा सकता है। प्रतिनिधिमंडल में अभ्यर्थी तूफान सिंह, आशुतोष वर्मा, नवीन चौधरी, अखिल कुमार, शिव वीर सिंह, नसीम फरीदी शामिल थे। बैठक में बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा, बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी, सचिव बेसिक शिक्षा परिषद सुरेंद्र कुमार तिवारी, अपर शिक्षा निदेशक गणेश कुमार उपस्थित थे। दूसरी तरफ आप सांसद संजय सिंह ने भी इस मामले में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुतियों को तत्काल लागू करने और 69000 शिक्षक भर्ती मामले में सुप्रीम कोर्ट में आगामी सुनवाई में अभ्यर्थियों के पक्ष में सकारात्मक रुख अपनाते हुए नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है।
