प्रदेश में स्मार्ट स्कूल के लिए 300 करोड़ रुपये जारी
लखनऊ। प्रदेश कैबिनेट की मंजूरी के बाद 14429 परिषदीय विद्यालयों को स्मार्ट स्कूल बनाने के लिए 300 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। शुक्रवार को शासनादेश जारी होने के बाद कार्य जल्द शुरू होंगे। प्रत्येक विद्यालय को 2.07 लाख रुपये मिलेंगे। बेसिक शिक्षा विभाग के विशेष सचिव अवधेश कुमार तिवारी के आदेशानुसार, श्रीट्रॉन इंडिया लिमिटेड कार्यदायी संस्था है। स्मार्ट क्लास में 65 इंच का इंटरेक्टिव फ्लैट पैनल, पावर बैकअप और ऑडियो-विजुअल सामग्री होगी। कक्षा एक से पांच तक का पूरा डिजिटल कंटेंट भी इसमें शामिल है। लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (ई-दीक्षा व ई-विद्या), इंटरेक्टिव वीडियो और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर भी उपलब्ध रहेंगे। शिक्षकों के लिए ट्रेनिंग मॉड्यूल भी इन स्कूलों में रहेगा। इन स्मार्ट क्लास के संचालन व समस्या समाधान के लिए राज्य स्तरीय प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट भी स्थापित की जाएगी।