विकल्प के आधार पर तबादला आदेश संशोधित करने की मांग
लखनऊ। प्रदेश के खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) ने बीच सत्र में किए गए तबादलों का विरोध किया है। शासन ने 14 सितंबर को 118 बीईओ के स्थानांतरण किए हैं। संघ ने स्थानांतरण आदेश में संशोधन कर अधिकारियों से विकल्प लेकर मनचाहे जिले में तबादला करने का अवसर देने की मांग की है।
बीईओ संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रमेंद्र कुमार शुक्ल ने बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह को पत्र भेजकर विकल्प के आधार पर स्थानांतरण आदेश संशोधित करने की मांग की है। उनका कहना है कि जिलों में खाली पदों पर ऑनलाइन माध्यम से बीईओ से विकल्प लेकर भी तबादले किए जा सकते थे, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि कई बीईओ को दूरदराज के जिलों में स्थानांतरित किया गया है, जबकि उनके आसपास के जिलों में पद खाली हैं।
विकल्प आधारित ऑनलाइन तबादले से स्थानांतरण भत्ते के भुगतान की आवश्यकता भी नहीं होगी। शासन ने एक ही जिले में कई वर्षों से तैनात बीईओ के साथ वरिष्ठ व कनिष्ठ
अधिकारियों के भी तबादले किए हैं।
