पीलीभीत में 2 सितंबर को कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल बंद, डीएम ने जारी किया आदेश
पीलीभीत। जिले में लगातार हो रही बारिश और विद्यालयों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने 2 सितंबर 2026 को कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश में सभी संबंधित विद्यालयों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, कक्षा 1 से 8 तक संचालित समस्त परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय, सहायता प्राप्त विद्यालय तथा सभी बोर्डों से मान्यता प्राप्त विद्यालय बुधवार, 2 सितंबर 2026 को बंद रहेंगे।
प्रशासन ने यह निर्णय जिले में लगातार हो रही बारिश और कई विद्यालयों में जलभराव को देखते हुए लिया है। इससे पहले भी बारिश के कारण पीलीभीत में स्कूलों को बंद रखने के आदेश जारी किए जा चुके हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अवकाश संबंधी आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए, ताकि बारिश और जलभराव के बीच विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
