कन्नौज के परिषदीय विद्यालयों में 27 अगस्त को मनाया जाएगा रक्षाबंधन पर्व
कन्नौज। जिले के सभी परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 27 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कन्नौज की ओर से जारी आदेश में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार 28 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन के अवसर पर अवकाश घोषित है। ऐसे में विद्यालयों में रक्षाबंधन से संबंधित कार्यक्रम एक दिन पूर्व यानी 27 अगस्त को आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को रक्षाबंधन पर्व के महत्व की जानकारी दी जाएगी तथा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। साथ ही विद्यालय में ‘भाई-बहन’ के नाम से एक पौधा लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे रक्षाबंधन के संदेश को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जा सके।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने स्तर से परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए निर्देशित करें।
28 अगस्त को रहेगा अवकाश: रक्षाबंधन पर्व के कारण जिले के परिषदीय विद्यालयों में 28 अगस्त को अवकाश रहेगा।
