परिषदीय शिक्षकों को मिलेगा सामूहिक बीमा कटौती का 134 करोड़ रुपये रिफंड
लखनऊ: बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में 31 मार्च 2014 के बाद नियुक्त शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के वेतन से सामूहिक बीमा योजना के तहत काटी गई प्रीमियम की रकम अब वापस होगी। शासन ने इसके लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 134.60 करोड़ रुपये की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। एक सितंबर 2022 तक हुई कटौती की राशि संबंधित कर्मचारियों को एरियर के रूप में एकमुश्त दी जाएगी। इससे करीब दो लाख से अधिक शिक्षक-कर्मचारी लाभान्वित होंगे। हर माह 87 रुपये की दर से कटे सामूहिक बीमा प्रीमियम के कारण एक शिक्षक या कर्मचारी के वेतन से करीब चार हजार से 10 हजार रुपये तक की राशि काटी गई थी। अब पात्रता और निर्धारित अवधि के अनुसार यह रकम वापस की जाएगी। औसतन एक शिक्षक को करीब छह हजार से नौ हजार रुपये मिलने की उम्मीद है। अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा के अनुसार, एक सितंबर 2022 तक वेतन से काटी गई बीमा प्रीमियम की राशि लौटाई जाएगी। भुगतान से पहले संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी व आहरण-वितरण अधिकारी अभिलेखों से देय राशि का मिलान करेंगे।
