दो दिन स्कूल नहीं आया बच्चा तो अभिभावक को फोन करेंगे शिक्षक
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊः प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में यदि अब कोई छात्र लगातार दो दिन तक विद्यालय नहीं पहुंचेगा तो संबंधित कक्षा शिक्षक उसके अभिभावक से सीधे फोन पर संपर्क कर अनुपस्थिति का कारण जानेंगे और उन्हें बच्चे को नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करेंगे। यह व्यवस्था स्कूल चलो अभियान के तहत लागू की गई है। इसका उद्देश्य हर बच्चे का नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना है।
स्कूलों में बच्चों की नियमित उपस्थिति के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने 15 जुलाई तक विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने कहा कि विद्यालयों के नामांकन रजिस्टर में
अभिभावकों के मोबाइल फोन नंबर उपलब्ध हैं। ऐसे में यदि कोई छात्र लगातार दो से तीन दिन अनुपस्थित रहता है तो कक्षा शिक्षक तुरंत फोन कर अनुपस्थिति का कारण जानेंगे और परिवार को बच्चे की नियमित पढ़ाई के महत्व से अवगत कराएंगे। उन्होंने शिक्षकों से अपेक्षा की है कि हर बच्चे को विद्यालय से जोड़ना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर नहीं रहना चाहिए। अभियान के तहत शिक्षकों को विद्यार्थियों का अगली कक्षा में प्रवेश सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी है। कक्षा पांच के शिक्षक अपने विद्यार्थियों का कक्षा छह में, कक्षा आठ के शिक्षक कक्षा नौ में और कक्षा नौ के शिक्षक कक्षा 10 में प्रवेश सुनिश्चित कराएंगे। इसके साथ ही बाल वाटिकाओं में नामांकन बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया है।
