यूपी बोर्ड : इंटरमीडिएट व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के पंजीकरण नियमों में बदलाव
प्रयागराज। यूपी बोर्ड ने वर्ष 2027 के लिए इंटरमीडिएट के व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के पंजीकरण, परीक्षा फार्म भरने और अग्रसारण नियमों में परिवर्तन किए हैं। इंटरमीडिएट पत्राचार पंजीकरण के व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के अग्रसारण की अधिकतम सीमा 800 तक ही रखी गई है।
सामान्य व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए अधिकतम 400 की सीमा को अब हटा दिया गया है। इस बार सभी अग्रसारण केंद्रों से अनर्ह विद्यार्थी का आवेदन ऑनलाइन अग्रसारित नहीं होने का प्रमाणपत्र प्राप्त किया जाएगा। सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों (डीआइओएस) को भी इसी आशय का प्रमाणपत्र क्षेत्रीय कार्यालय को देना होगा।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए केवल
राजकीय विद्यालयों को ही अग्रसारण केंद्र बनाया जाएगा। अपरिहार्य स्थिति में मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक की अनुमति से डीआइओएस हाईस्कूल के अधिकतम 650 और इंटरमीडिएट के अधिकतम 800 तक विद्यार्थियों के आवेदन अग्रसारित कर सकेंगे।
वे राजकीय विद्यालय अग्रसारण केंद्र नहीं बन पाएंगे, जहां पिछले तीन वर्ष की परीक्षाओं में सामूहिक नकल या अन्य अनियमितताओं की शिकायतें मिली हों। पिछले वर्ष कुशीनगर जिले से करीब 700 अनर्ह विद्यार्थियों के आवेदन पत्र अग्रसारित हो गए थे। इस कारण वर्ष 2027 की परीक्षा के लिए अग्रसारण केंद्रों के साथ-साथ डीआइओएस से भी अनर्ह विद्यार्थी के आवेदन पत्र का अग्रसारण नहीं होने का प्रमाणपत्र मांगा गया है।
