राजर्षि टंडन मुक्त विवि में बीएड कोर्स की फीस बढ़ी
प्रयागराज। राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय ने बीएड पाठ्यक्रम की वार्षिक फीस में 6,500 रुपये की बढ़ोतरी की है। जुलाई 2026-27 प्रवेश सत्र से अब विद्यार्थियों को 18,500 रुपये के बजाय 25,000 रुपये प्रति वर्ष शुल्क देना होगा। यह नई शुल्क संरचना प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों के साथ-साथ द्वितीय वर्ष में भी लागू होगी। शुल्क बढ़ने से छात्रों पर अतिरिक्त भार पड़ेगा।
मुक्त विश्वविद्यालय के प्रवेश अनुभाग प्रभारी प्रो. जेपी यादव की ओर से जारी सूचना के अनुसार, शुल्क वृद्धि का निर्णय कार्यपरिषद की 16 फरवरी को हुई बैठक में लिए गए संकल्प के आधार पर किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीएड से जुड़े सभी विद्यार्थियों को नई शुल्क व्यवस्था से अवगत करा दिया है।
