जिले में 370 सरप्लस शिक्षकों के समायोजन की हो रही तैयारी
अयोध्या। जिले के परिषदीय विद्यालयों में सरप्लस शिक्षकों के समायोजन की प्रक्रिया तेज हो गई है। बेसिक शिक्षा विभाग ने 370 सरप्लस शिक्षकों का सत्यापित डाटा तैयार कर लिया है और जिन शिक्षकों का स्थानांतरण या समायोजन प्रस्तावित है, उनसे नौ जुलाई तक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में ऑफलाइन माध्यम से आपत्तियां मांगी गई हैं।
विभाग की ओर से अब तक एनआईसी पोर्टल पर प्रस्तावित शिक्षकों की सूची सार्वजनिक नहीं की गई है। ऐसे में कई शिक्षक यह जानने के लिए विभाग के चक्कर लगा रहे हैं कि उनका नाम सूची में है या नहीं। पूरी प्रक्रिया इलाहाबाद हाई कोर्ट के निर्देशों के तहत चल रही है। इसका उद्देश्य ऐसे विद्यालयों में शिक्षकों क की तैनाती करना है, जहां अब भी शिक्षक कम हैं, ताकि प्रत्येक स्कूल में कम से कम दो शिक्षक उपलब्ध हो सकें। इसके लिए छात्र संख्या, कार्यरत शिक्षकों और स्वीकृत पदों का सत्यापन कर समायोजन का आधार तैयार किया गया है।
बीएसए लालचंद्र ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि संबंधित शिक्षकों को समय पर सूचना देकर निर्धारित अवधि में आपत्तियां प्राप्त कराई जाएं। आपत्तियों के निस्तारण के बाद जिला स्तरीय समिति अंतिम समायोजन सूची जारी करेगी। बेसिक शिक्षा विभाग ने सरप्लस शिक्षकों, एकल शिक्षक विद्यालयों और शिक्षक विहीन स्कूलों का विस्तृत ब्योरा भी तलब किया है।
किस ब्लॉक में कितने सरप्लस शिक्षक
अयोध्या में कुल 370 सरप्लस शिक्षक चिन्हित किए गए हैं। इनमें मसौधा-57, पूराबाजार-46, बीकापुर-43, माया-38, सोहावल 38, रुदौली-37, हैरिंग्टनगंज-33, तरुण-31, मिल्कीपुर-27, मवई-10, नगर क्षेत्र-6 और अमानीगंज-4 शिक्षक शामिल हैं।
