राजकीय माध्यमिक विद्यालय में बीएड छात्र करेंगे इंटर्नशिप
लखनऊ। सरकारी या निजी विवि में पढ़ने वाले बीएड छात्रों को राजकीय माध्यमिक विद्यालय में इंटर्नशिप अनिवार्य की गई है। एनसीटीई ने इस संबंध में निर्देश जारी करने के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग ने भी निर्देश जारी किए हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने सभी मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक एवं जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिया है कि वे बीएड के विद्यार्थियों को अनिवार्य रूप से उनके पास के सरकारी माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षण कराएं। जिन विवि के कोई राजकीय माध्यमिक विद्यालय उपलब्ध नहीं हों वहां पास के एडेड विद्यालयों में प्रशिक्षण कार्य पूरा कराया जा सकता है। इसे भी मान्य कर दिया गया है। निदेशक ने सभी विवि को प्रशिक्षण पाने वाले छात्रों की सूची डीआईओएस को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा, विभागीय अधिकारी भी संबंधित क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी से समन्वय कर सूची ले ले। साथ ही छात्रों को प्रशिक्षण के लिए विद्यालय का आवंटन भी सुनिश्चित कराए। उन्होंने निर्धारित प्रारूप पर सूचना निदेशालय को भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।