मुवि में बीएड एवं बीएड स्पेशल एजुकेशन प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन 27 से
प्रयागराज : उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीएड एवं बीएड स्पेशल एजुकेशन कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आनलाइन आवेदन 27 जून से होंगे। प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता मानदंड, शुल्क विवरण और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी की जाएगी। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत्यकाम ने प्रवेश प्रक्रिया का शुभारंभ करते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में शिक्षक शिक्षा को विशेष महत्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षक ही राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव होते हैं। विश्वविद्यालय का लक्ष्य ऐसे दक्ष एवं संवेदनशील शिक्षकों को तैयार करना है जो समावेशी शिक्षा की अवधारणा को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकें। बीएड व बीएड स्पेशल एजुकेशन दोनों ही कार्यक्रम क्रमशः राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद और भारतीय पुनर्वास परिषद से मान्यता प्राप्त हैं। शिक्षा विद्याशाखा के निदेशक प्रोफेसर पीके स्टालिन ने कहा कि कार्यरत अभ्यर्थी अथवा अन्य शैक्षणिक पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत विद्यार्थी भी इस कार्यक्रम में प्रवेश ले सकते हैं।
