शिक्षकों ने लौकी तोड़ने छत पर भेजा, हाईटेंशन तार की चपेट में आने से छात्र की मौत, चार पर मुकदमा
पांच घंटे तक बिजली के तार से चिपका रहा बच्चे का शव, निलंबित किए गए दो शिक्षक
बलिया: प्राथमिक विद्यालय नवीन पोखरा में सोमवार सुबह 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से चौथी कक्षा के 12 वर्षीय छात्र अरशद अहमद की मौत हो गई। स्वजन और अन्य छात्रों का आरोप है कि शिक्षकों ने उसे मिड डे मील के लिए किचन की छत पर चढ़कर लौकी तोड़ने भेजा था। करीब 10 फीट ऊंची छत पर बांस की सीढ़ी के सहारे चढ़ा अरशद पास से गुजर रही बिजली की लाइन की चपेट में आ गया।
अरशद के बड़े भाई मो. सलमान अहमद की तहरीर पर पुलिस ने प्रभारी प्रधानाध्यापक विजयशंकर, सहायक अध्यापक अनिल कुमार, शिक्षा मित्र दीपचंद राम और फेफना विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता राजनारायण यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दोनों शिक्षकों को निलंबित किया गया है, जबकि शिक्षा मित्र की सेवा समाप्त करने की अनुशंसा की गई है। हादसे के बाद स्वजन और ग्रामीण जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। इस दौरान करीब पांच घंटे तक अरशद का शव बिजली के तार से चिपका रहा। कार्रवाई के आश्वासन के बाद शव को नीचे उतारा गया।
सलमान का आरोप है कि विद्यालय के पिछले हिस्से में स्थित किचन की छत से सटकर 11 हजार वोल्ट की लाइन गुजरती है। शिक्षक बच्चों को किचन की छत
पर भेजकर लौकी और कोहड़ा तुड़वाते थे और सब्जियां अपने घर भी ले जाते थे। अरशद से पहले भी सब्जियां तुड़वाई गई थीं। उसने घर पर बताया तो विद्यालय में शिकायत भी की गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग से तार हटाने की मांग की थी, लेकिन कुछ नहीं किया गया।
मौके पर विद्यालय के मुख्य गेट के ऊपर से भी बिजली का तार गुजरता मिला, जबकि मुख्य भवन के पिछले हिस्से में किचन की छत के पास से 11 हजार वोल्ट की लाइन सटी हुई है। बीएसए मनीष सिंह ने बताया कि विद्यालय में 61 बच्चों का नामांकन है। इस आधार पर 50 हजार रुपये की कंपोजिट ग्रांट बनता है। दो माह पहले पहली किस्त के रूप में 25 हजार रुपये विद्यालय को भेजे गए थे। इसके बावजूद व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई। उन्होंने कहा कि दोनों अध्यापकों को निलंबित किया गया है और शिक्षा मित्र की सेवा समाप्त करने की अनुशंसा की गई है।
मिड डे मील के लिए विद्यालय परिसर स्थित किचन की छत पर चढ़ा था चौथी का छात्र
दोषियों पर कार्रवाई की गई है। विद्युत और शिक्षा विभाग को विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे तार हटाने के निर्देश दिए जाएंगे। मृतक के परिवार को मुआवजा दिया जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। खंड शिक्षा अधिकारी विशाल यादव की जिम्मेदारी भी तय की
जाएगी।-- ज्ञानेंद सिंह, जिलाधिकारी
