विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइनों को तत्काल हटाएं : वर्मा
लखनऊ। राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने प्रदेश के स्कूलों की छत के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइनों को तत्काल हटाने की मांग की है। चेतावनी दी है कि तार नहीं हटाए गए उपभोक्ता परिषद विधिक लड़ाई शुरू करने के लिए विवश होगा। बलिया में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से स्कूल के बच्चे की मौत पर दुख जताते हुए परिषद अध्यक्ष ने कहा कि ऊर्जा विभाग इसके लिए जिम्मेदारी लें और जवाब दे कि तार क्यों नहीं हटाए गए। उन्होंने कहा कि बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव ने अगस्त में पत्र जारी कर बताया था कि 31 जुलाई 2026 तक प्रदेश के कुल 9009 विद्यालयों में से 5119 विद्यालयों से बिजली लाइनें हटाई जा चुकी थीं, जबकि 3890 विद्यालयों में कार्य बाकी था। बलिया में 110 विद्यालयों के सापेक्ष सिर्फ आठ विद्यालयों से तार हटाए गए जबकि 102 विद्यालयों में कार्य बाकी था। इसी तरह प्रयागराज में 270, जौनपुर में 267, बस्ती में 227, आजमगढ़ में 172 तथा गाजीपुर में 169 विद्यालयों में लाइन हटाने का कार्य लंबित था। इस पर पावर कार्पोरेशन के प्रबंध निदेशक ने सभी निगमों के प्रबंध निदेशकों तो जल्द से जल्द तार हटाने का निर्देश दिया था। इसके बाद भी तार नहीं हटाए गए। यदि ऊर्जा विभाग समय से तार हटा देता - तो इस तरह की दुर्घटना नहीं होती।
