वरिष्ठता सूची के फेर में अटकी परिषदीय शिक्षकों की पदोन्नति
सात नवंबर तक पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश
कई जिलों में अब तक अंतिम सूची तैयार नहीं
लखनऊः प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत हजारों सहायक अध्यापकों-अध्यापिकाओं की पदोन्नति वरिष्ठता सूची तैयार न होने के कारण अटकी हुई है। बेसिक शिक्षा परिषद ने सात नवंबर तक पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया था, लेकिन कई जिलों में अब तक अंतिम वरिष्ठता सूची ही तैयार नहीं हो सकी है। ऐसे में तय समय सीमा में पदोन्नति पूरी करना बेसिक शिक्षा परिषद के लिए चुनौती बन गया है।
परिषद के अनुसार, प्रदेश के करीब साढ़े तीन लाख शिक्षकों की वरिष्ठता सूची तैयार की जा रही है। सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (बीएसए) को सूची प्रकाशित कर पात्र शिक्षकों की पदोन्नति की कार्यवाही आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठता सूची जारी होने के बाद ही पदोन्नति के पात्र शिक्षकों की पहचान हो सकेगी। इस प्रक्रिया में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)
भी अहम होगी। जिन शिक्षकों ने टीईटी उत्तीर्ण नहीं की है, वे वरिष्ठता सूची में शामिल तो रहेंगे, लेकिन उनके हिस्से के पद फिलहाल रिक्त रखे जाएंगे। टीईटी उत्तीर्ण करने के बाद उन्हें पदोन्नति का लाभ दिया जा सकेगा। परिषद के मुताबिक, फिलहाल पदोन्नति की अंतिम समय सीमा सात नवंबर निर्धारित है। जरूरत पड़ने पर इसे आगे बढ़ाया जा सकता है। उधर, हाई कोर्ट के आदेश के अनुपालन में शिक्षकों को अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्र भी बीएसए कार्यालय में जमा कराने हैं। जिलों में प्रमाणपत्रों के सत्यापन और वरिष्ठता सूची तैयार करने का काम एक साथ चल रहा है। इससे भी पदोन्नति की प्रक्रिया की रफ्तार प्रभावित हो रही है।
