सचिव ने दी बड़ी राहत: टीईटी पास नहीं तो पदोन्नति के पद रोककर परिणाम का करें इंतजार
प्रयागराज। परिषदीय शिक्षकों की पदोन्नति के संबंध में कई जिलों के बीएसए ने बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेन्द्र कुमार तिवारी से मार्गदर्शन मांगा है। इस पर सचिव ने गुरुवार को निर्देश दिए हैं। लिखा है कि परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत ऐसे अध्यापक जिन्होंने टीईटी उत्तीर्ण नहीं की है तथा जिला स्तर पर तैयार की जा रही वरिष्ठता सूची में उनके नाम सम्मिलित हैं तो उनके पद को सुरक्षित रखा जाएगा। ऐसे अध्यापकों के संबंध में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से हुई स्पेशल टीईटी का परिणाम आने के बाद ही समिति के माध्यम से आगे की कार्यवाही की जाएगी।
प्राथमिक विद्यालय के ऐसे सहायक अध्यापक जिन्होंने प्राथमिक स्तर की टीईटी उत्तीर्ण की है उन्हें प्रधानाध्यापक प्रा.वि. में पदोन्नति दी जाएगी तथा प्राथमिक के जिन सहायक अध्यापकों ने प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर की टीईटी पास की है उनकी पदोन्नति प्रधानाध्यापक प्रा. वि. अथवा सहायक अध्यापक उच्च प्रा. वि.के पद पर की जाएगी। उच्च प्राथमिक स्तर की टीईटी परीक्षा उत्तीर्ण सहायक अध्यापक (उच्च प्राथमिक स्तर) तथा प्रधानाध्यापक (प्राथमिक स्तर) को उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर पदोन्नति दी जाएगी।

