130 करोड़ में बिका पिंक डायमंड, जिसका भारत से है गहरा नाता
दुनिया के सबसे दुर्लभ रंगीन हीरों में शामिल एक 24 कैरेट के पिंक डायमंड ने जिनेवा की नीलामी में करोड़ों रुपये की कीमत हासिल की है। 'बुल्गारी पिंक' के नाम से मशहूर इस फैंसी इंटेंस पिंक हीरे की अंगूठी को क्रिस्टीज़ ने 10 नवंबर को लगभग 12.086 मिलियन स्विस फ्रैंक, यानी करीब 14.81 मिलियन डॉलर में नीलाम किया। भारतीय मुद्रा में यह रकम 130 करोड़ रुपये से ज़्यादा बैठती है।
भारत से जुड़ा इतिहास
AP की रिपोर्ट के अनुसार, इस हीरे की खासियत केवल इसकी कीमत नहीं, बल्कि इसका भारत से जुड़ा इतिहास भी है। क्रिस्टीज़ के मुताबिक, मौजूदा मालिक के परदादा-परदादी ने इसे 1950 के दशक में भारत में खरीदा था। इसके बाद कच्चे हीरे को इटली के प्रसिद्ध ज्वेलरी ब्रांड बुल्गारी के रोम स्थित कारीगरों के पास ले जाया गया, जहां इसे अंगूठी का रूप दिया गया। यह रत्न 70 वर्षों से ज़्यादा समय तक एक ही यूरोपीय परिवार के पास रहा।
हीरे की खासियत
इस हीरे को "फैंसी इंटेंस पिंक" कलर ग्रेड मिला है। इसका वज़न 24 कैरेट है और इसे एमराल्ड कट में तराशा गया है। इसे टाइप IIa डायमंड के रूप में वर्गीकृत किया गया है, और क्रिस्टीज़ के अनुसार इस श्रेणी में दुनिया के 2 प्रतिशत से भी कम जेम-क्वालिटी हीरे आते हैं।
गोलकुंडा से तुलना
क्रिस्टीज़ ने इस पत्थर की पारदर्शिता और गुणवत्ता की तुलना ऐतिहासिक गोलकुंडा हीरों से की है, जिन्हें भारत के गोलकुंडा क्षेत्र से जोड़ा जाता है। इसी क्षेत्र से कोहिनूर और होप डायमंड जैसे चर्चित हीरों के जुड़े होने की बात कही जाती है।
नीलामी का अनुमान और परिणाम
नीलामी से पहले क्रिस्टीज़ ने इस अंगूठी की कीमत 10 से 15 मिलियन स्विस फ्रैंक के बीच रहने का अनुमान लगाया था। आखिरकार यह 12.086 मिलियन स्विस फ्रैंक में बिकी। क्रिस्टीज़ के ग्लोबल हेड ऑफ ज्वेलरी मैक्स फॉसेट ने इसे "पिंक डायमंड्स का मोनालिसा" बताया था।
पूरी नीलामी का माहौल
इस क्रिस्टीज़ की "मैग्नीफिसेंट ज्वेल्स" नीलामी में बुल्गारी पिंक के अलावा 20वीं सदी के लगभग 300 आभूषणों का एक निजी संग्रह भी शामिल था। इसमें बुल्गारी, कार्टियर और ग्राफ जैसे बड़े ब्रांड्स के गहने थे। फिर भी पूरी नीलामी में सबसे ज़्यादा ध्यान इसी दुर्लभ गुलाबी हीरे ने खींचा।
