Special TET 2026: शिक्षकों को बड़ी राहत, 3 नवंबर को परीक्षा में शामिल होने के लिए विशेष अवकाश स्वीकृत, शासनादेश जारी
UP Special TET Special Leave Order 2026: उत्तर प्रदेश में विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (Special TET) में शामिल होने वाले सेवारत शिक्षकों एवं स्पेशल एजुकेटर्स के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश शासन ने 3 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा की तिथि के लिए विशेष अवकाश स्वीकृत किए जाने का निर्णय लिया है।
इस संबंध में संयुक्त सचिव, उत्तर प्रदेश शासन लाल मणि यादव की ओर से 30 अक्टूबर 2026 को शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश को पत्र जारी किया गया है। शासन ने अपने पत्र में इस निर्णय के क्रम में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
3 नवंबर को आयोजित होगी Special TET परीक्षा
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा विज्ञापन संख्या 03/2026 के अंतर्गत विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा की लिखित परीक्षा 3 नवंबर 2026 को आयोजित की जा रही है। परीक्षा प्रदेश के छह मंडलीय मुख्यालयों आगरा, गोरखपुर, लखनऊ, मेरठ, प्रयागराज एवं वाराणसी में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर होगी।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 09:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 02:30 बजे से शाम 05:00 बजे तक निर्धारित है।
परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों को विशेष अवकाश
शासन स्तर पर विचार-विमर्श के बाद विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा में प्रतिभाग करने वाले सेवारत शिक्षक एवं स्पेशल एजुकेटर्स अभ्यर्थियों को परीक्षा की तिथि के लिए विशेष अवकाश स्वीकृत किए जाने का निर्णय लिया गया है।
इस संबंध में शासन ने शिक्षा निदेशक (बेसिक) को निर्देशित किया है कि शासन के निर्णय के क्रम में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाए।
सभी BSA को भेजा गया शासनादेश
इस शासनादेश की प्रतिलिपि महानिदेशक स्कूल शिक्षा, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव तथा प्रदेश के समस्त जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही एवं सूचना के लिए भेजी गई है।
इस निर्णय से 3 नवंबर को आयोजित होने वाली Special TET परीक्षा में शामिल होने वाले सेवारत शिक्षकों एवं स्पेशल एजुकेटर्स को परीक्षा देने के लिए विभागीय स्तर पर विशेष अवकाश की सुविधा मिलेगी।

