नाबालिग छात्रा से अश्लील हरकत के आरोप में सहायक अध्यापक पर प्राथमिकी दर्ज
कक्षा 7 की छात्रा की मां ने लगाए गंभीर आरोप, डिजिटल क्लास के दौरान अभद्र व्यवहार करने और विरोध पर धमकी देने का आरोप
कछवां। कछवां थाना क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक मनोज कुमार गौतम के खिलाफ 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा से कथित अश्लील हरकत करने और उसे परेशान करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रा की मां ने शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत सामने आने के बाद विद्यालय का माहौल विवादों में घिर गया है। छात्रा कक्षा सात की विद्यार्थी है।
परिजनों का आरोप है कि छात्रा पिछले तीन महीने से मानसिक रूप से परेशान थी। आठ अक्टूबर को मामले की जानकारी मिलने पर परिजन विद्यालय पहुंचे और नाराजगी जताई।
छात्रा की मां ने आरोप लगाया कि डिजिटल क्लास के दौरान शिक्षक ने छात्रा के साथ कथित तौर पर अशोभनीय हरकतें कीं। विरोध करने पर परिवार को एससी-एसटी एक्ट के तहत फंसाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष अमरजीत चौहान ने बताया कि सहायक अध्यापक मनोज कुमार गौतम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
नोट: मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।
.jpeg)