छात्रवृत्ति के लिए तीन नवंबर तक होगा बायोमीट्रिक सत्यापन
प्रयागराज । इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के बायोमीट्रिक सत्यापन का कार्यक्रम जारी किया है। इस प्रक्रिया में स्नातक, परास्नातक और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी शामिल होंगे।
नवीनीकरण कराने वाले आवेदकों का सत्यापन 30 अक्तूबर तक चलेगा। 26 और 27 अक्तूबर को बीए, बीएससी और बीकॉम के अनारक्षित, एससी, एसटी व अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों का सत्यापन होगा। 28 अक्तूबर को एमए के ओबीसी वर्ग और 29 अक्तूबर को एमएससी के ओबीसी वर्ग के आवेदकों का सत्यापन किया जाएगा।
30 अक्तूबर को एमए और एमएससी के अनारक्षित, एससी, एसटी व अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों का सत्यापन होगा। नए आवेदकों के लिए दो और तीन
इविवि में नवीनीकरण व नए आवेदकों के लिए अलग-अलग तिथियां तय
नवंबर की तिथि तय की गई है। दो नवंबर को ओबीसी वर्ग के बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमएससी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों का सत्यापन होगा। तीन नवंबर को अनारक्षित, एससी, एसटी व अल्पसंख्यक वर्ग के बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमएससी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों का सत्यापन किया जाएगा।
छात्रवृत्ति फॉर्म के सत्यापन के लिए अधिष्ठाता छात्र कल्याण (डीएसडब्ल्यू) कार्यालय में फॉर्म जमा करने का समय निर्धारित किया गया है। विद्यार्थी दोपहर दो बजे से शाम 4:30 बजे तक अपने फॉर्म जमा कर सकेंगे। यह समय विद्यार्थियों की सुविधा के लिए बदला गया है। सत्यापित फॉर्म अगले दिन सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक प्राप्त किए जा सकेंगे।
