दबंगई : शिक्षकों को प्रताड़ित करने का आरोप, पहुंच गए थाने
सांडी, । क्षेत्र के घटकना ग्राम पंचायत के मजरा चौधकपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों ने एक युवक पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, अभद्रता करने और धन उगाही का प्रयास करने का आरोप लगाया एआरपी आदर्श अवस्थी के नेतृत्व में दर्जनों शिक्षक शुक्रवार को थाने पहुंचे। युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। है।
प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार और सहायक अध्यापक जयपाल बाबू ने आरोप लगाया कि घटकना निवासी युवक आए दिन उनके खिलाफ निराधार शिकायतें करता है। स्कूल आते-जाते समय फोटो और वीडियो बनाता है। विद्यालय में जबरन घुसकर
शिक्षकों से अभद्र भाषा का प्रयोग करता है। बच्चों से सवाल पूछकर सरकारी कार्य में बाधा डालता है। शिक्षकों का कहना है कि विद्यालय बंद होने के बाद तोड़फोड़ कर भ्रामक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए जाते हैं। खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि करीब तीन-चार विद्यालयों में युवक की अनधिकृत गतिविधियों और शिक्षकों से धन उगाही के प्रयास की शिकायत मिली है। प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। उधर, आरोपित ने थाने में दी शिकायत में बताया कि वह पूर्व प्रधान का बेटा है। उसने स्कूल में कमियों के खिलाफ मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप लगाया कि कार्रवाई के डर से शिक्षकों ने उसके खिलाफ झूठी शिकायत की।
