फरवरी तक 30 हजार शिक्षकों की भर्ती करेगा आयोग : प्रशांत
लखनऊः चार साल से लंबित शिक्षक भर्तियों, परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायतों और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर उठते सवालों के बीच उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग अब भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने और अभ्यर्थियों का भरोसा बहाल करने में जुटा है।
आयोग जनवरी से फरवरी तक करीब 25 से 30 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी करने जा रहा है। फर्जी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों को पकड़ने के लिए अब डिजिलाकर से भी डिग्रियों का सत्यापन शुरू करेगा। दैनिक जागरण के राज्य स्तरीय विमर्श में सोमवार को वर्चुअल माध्यम से जुड़े आयोग के अध्यक्ष डा. प्रशांत कुमार ने स्पष्ट किया कि चयन केवल मेरिट के आधार पर हो रहा है, किसी तरह का दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने लंबित भर्तियों, आगामी परीक्षाओं और चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए किए जा रहे तकनीकी बदलावों की जानकारी भी साझा की। यह भी अपील की कि अभ्यर्थी अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय अपनी तैयारी और प्रतिभा पर भरोसा करें।
पिछले वर्ष 19 दिसंबर को कार्यभार संभालने वाले अध्यक्ष ने कहा कि सबसे बड़ी चुनौती लंबित भर्ती परीक्षाओं को पूरा कराने और अभ्यर्थियों का विश्वास बहाल करने की थी। वर्ष 2022 से असिस्टेंट प्रोफेसर, पीजीटी और टीजीटी सहित कई भर्तियां लंबित
भर्ती में फर्जी डिग्रियों पर लगेगी लगाम, प्रमाणपत्रों का सत्यापन डिजिलाकर से
आनलाइन हो रहीं भर्तियां, किसी तरह का दबाव नहीं किया जाएगा स्वीकार
थीं। टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) भी लंबे समय से नहीं हुई थी और एक परीक्षा में पेपर लीक का विवाद भी सामने आया था। इसके दृष्टिगत बीते 10 महीने के भीतर लंबित परीक्षाएं कराई गईं। डिग्री कालेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के मामले में सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आया है। वहीं, अन्य तीन भर्तियों के परिणाम घोषित करने के साथ नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जा चुके हैं। चार वर्ष बाद आयोजित टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) में 19 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी,
जिनमें 13 लाख उत्तीर्ण हुए। अब
आगे फरवरी तक होने वाली 25 से 30 हजार शिक्षक भर्तियों में डिग्री कालेज प्राचार्य के 111, असिस्टेंट प्रोफेसर के 2000, प्राथमिक शिक्षकों के लगभग 12,000, पीजीटी के करीब 2500 तथा प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापकों के लगभग 2500 पद
शामिल हैं। इसके अलावा टीजीटी के करीब 14 से 15 हजार पदों का
अधियाचन आने वाला है। अध्यक्ष ने बताया कि जिन पदों के लिए अधियाचन प्राप्त हो चुके हैं, उनकी परीक्षाओं की तिथियां घोषित की जा चुकी हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग से प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक के पदों का अधियाचन अभी लंबित है। इन पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा तिथि जल्द तय होगी। उच्च शिक्षा में प्राचार्य पदों की परीक्षा 24 सितंबर को कराई जा चुकी है। नवंबर में अंतिम परिणाम आने की उम्मीद है। पहले से कार्यरत शिक्षकों के लिए पहली बार विशेष टीईटी तीन नवंबर को आयोजित होगी। डिग्री कालेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 19 और 20 नवंबर को प्रस्तावित है। नगरीय क्षेत्र के प्राथमिक शिक्षकों व माध्यमिक स्कूलों में संबद्ध प्राथमिक शिक्षकों के चयन के लिए परीक्षा तीन व चार दिसंबर को होगी। वहीं, पीजीटी (प्रवक्ता) भर्ती परीक्षा 15 और 16 दिसंबर को संभावित है।
