परिषदीय उच्च प्राथमिक स्कूलों में मॉडल से सीखेंगे छात्र
लखनऊ। यूपी में 1688 परिषदीय उच्च प्राथमिक स्कूलों में विद्यार्थी आओ करके सीखें के माध्यम से रोचक ढंग से पढ़ाई कर सकेंगे। वैज्ञानिक मॉडलों, वाद्य यंत्र व खिलौने बनाना सीखेंगे। हर स्कूल को 40-40 हजार रुपये का बजट दिया गया है। कुल 6.75 करोड़ रुपये लर्निंग बाई डूइंग पर खर्च किए जाएंगे।
बेसिक शिक्षा विभाग परिषदीय उच्च प्राथमिक स्कूलों के विद्यार्थियों को गतिविधियों पर आधारित शिक्षा से पढ़ाई कराने पर जोर दे रहा है। विद्यार्थियों को लर्निंग बाई डूइंग के माध्यम से मिट्टी परीक्षण, जल परीक्षण, दूरदर्शी टेलीस्कोप, एलईडी टार्च, सोलर कुकर, सोलर कार, प्लास्टिक की बोतल से खिलौना, गुड़ व मूंगफली की चिक्की बनाना, विद्यालय में औषधीय पौधों का उद्यान विकसित करना, फल व सब्जियों से अचार बनाना, कढ़ाई-सिलाई और मोबाइल प्रोजेक्टर इत्यादि तैयार करेंगे। सभी विद्यालयों में 40 तरह के मॉडल तैयार किए जा सकेंगे। मॉडल बनाने के लिए सामग्री खरीदने को 40-40 हजार रुपये प्रत्येक विद्यालय को दिए गए हैं।