तय समय में पूरी करें जनगणना की तैयारियां, 16 से 30 नवंबर तक पोर्टल से स्व-गणना की सुविधा
लखनऊ, मुख्य सचिव एसपी गोयल ने तय समय सीमा के भीतर जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मण्डलायुक्तों, जिलाधिकारियों एवं मुख्य विकास अधिकारियों के साथ जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए श्री गोयल ने कहा कि कोई भी घर छूटने न पाए और जनगणना का कार्य केवल प्रशिक्षित कार्मिकों से ही कराया जाए। इस दौरान मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिला स्तरीय जनगणना समिति की बैठक करें।
16 से 30 नवंबर तक पोर्टल से स्व-गणना की सुविधा
बैठक में प्रदेश में जनगणना संचालन एवं नागरिक पंजीकरण विभाग की निदेशक शीतल वर्मा ने जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों, कार्यप्रणाली एवं निर्धारित समय सीमा के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश में जनसंख्या की गणना का फील्ड कार्य एक दिसंबर से 4 जनवरी, 2027 तक किया जाना है। इससे पूर्व 16 नवंबर से 30 नवंबर तक प्रदेशवासियों के लिए स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से स्वयं तथा अपने परिवार के पात्र सदस्यों की जानकारी दर्ज करने का विकल्प उपलब्ध रहेगा।
स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद संबंधित परिवार के लिए एक विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या अर्थात एसई आईडी (सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी) सृजित होगी। परिवार इस पहचान संख्या को सुरक्षित रखकर जनगणना कर्मी के फील्ड कार्य के समय उपलब्ध करा सकेंगे, जिससे प्रगणक द्वारा दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जा सके और उसे संबंधित गणना ब्लॉक में अंतिम रूप से दर्ज किया जा सके।
