होमगार्ड भर्ती दौड़ में अटैक आने से ग्राउंड पर गिरा अभ्यर्थी, मौत
मुरादाबाद। होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए आयोजित दौड़ में मंजिल महज 50 मीटर दूर थी और बेहोश होकर गिरे कंप्यूटर साइंस इंजीनियर शिवम यादव (27) की सांसें थम गई। बरेली के शिवम ने 11 राउंड सफलतापूर्वक पूरे कर लिए थे लेकिन 12वें राउंड में दौड़ते-दौड़ते जिंदगी थम गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि हुई है। इससे पहले सीतापुर में एक और मेरठ में दो अभ्यर्थियों की मौत हो चुकी है।
एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि बरेली के सुभाष नगर थाना क्षेत्र के नई बस्ती वंशी नगला बेनीपुर चौधरी निवासी अधिवक्ता विनोद यादव बरेली बार एसोसिएशन के पूर्व कोषाध्यक्ष हैं। उनके चार बेटों में दूसरे नंबर के बेटे कंप्यूटर साइंस से बीटेक शिवम
4800 मीटर दौड़ के 12वें राउंड में बेहोश होकर गिरा बरेली का अभ्यर्थी
यादव ने होमगार्ड भर्ती के लिए आवेदन किया था।
शुक्रवार की सुबह पांचवीं पाली में नौवीं वाहिनी पीएसी के मैदान में दौड़ परीक्षा थी। बृहस्पतिवार की रात करीब दस बजे शिवम अपने पिता विनोद यादव और मौसेरे भाई हिमांशु यादव के साथ बरेली से रोडवेज बस में सवार होकर मुरादाबाद आए थे। हिमांशु की अंतिम पाली में दौड़ होनी थी जबकि शिवम की पांचवीं पाली में दौड़ परीक्षा थी। 4800 मीटर दौड़ पूरी करने के लिए 28 मिनट का समय दिया गया था। शिवम की शादी 2023 में कोमल के साथ हुई थी। डेढ़ साल की बेटी है।
