तैयारी : हर परीक्षा में अलग साइबर सुरक्षा कवच
नई दिल्ली, । राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने देश की प्रमुख प्रवेश और भर्ती परीक्षाओं की साइबर सुरक्षा मजबूत करने के लिए परीक्षा-विशिष्ट साइबर इन्सिडेंट रिस्पॉन्स व्यवस्था तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, अब प्रत्येक परीक्षा चक्र के लिए अलग साइबर सुरक्षा तैयारी और प्रतिक्रिया तंत्र विकसित किया जाएगा, ताकि परीक्षा के दौरान साइबर हमले, डेटा से छेड़छाड़ या तकनीकी गड़बड़ी की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। नई व्यवस्था के तहत परीक्षा के दिनों में उच्चस्तरीय सिक्योरिटी ऑपरेशंस सेंटर (एसओसी) मॉनिटरिंग के साथ रैपिड रिस्पॉन्स क्षमता उपलब्ध रहेगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी साइबर अलर्ट की स्थिति में संबंधित टीम तुरंत खतरे को नियंत्रित करने, उसके प्रभाव का आकलन करने और सिस्टम को सुरक्षित करने की कार्रवाई शुरू कर सके। सूत्रों के मुताबिक, प्रत्येक परीक्षा के लिए सामान्य साइबर निगरानी के बजाय उस परीक्षा के सिस्टम, वर्कफ्लो और संभावित जोखिमों को ध्यान में रखते हुए प्रतिक्रिया तंत्र सक्रिय किया जाएगा। इससे अलग-अलग परीक्षाओं की तकनीकी जरूरतों और जोखिमों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था लागू करने में मदद मिलेगी। एनटीए परीक्षा चक्र शुरू होने से पहले परीक्षा से जुड़े तकनीकी और सहायक सिस्टम की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा भी करेगा। यह प्रक्रिया एजेंसी के टेक्नोलॉजी फंक्शन के साथ समन्वय में होगी। वहीं, परीक्षा दिवस से जुड़े तकनीकी सुरक्षा पहलुओं को टेस्ट सिक्योरिटी फंक्शन के साथ जोड़ा जाएगा। इनमें बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन, फेस मैचिंग, सीसीटीवी सिस्टम और लाइव मॉनिटरिंग इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपाय शामिल हैं।
तकनीकी सुरक्षा को मजबूत करने पर जोर
साइबर सुरक्षा व्यवस्था को संस्थागत रूप देने के लिए एनटीए ने समर्पित मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी (सीआईएसओ) पद भी नामित किया है। इसके अलावा, सीईआरटी-इन और सी-डैक से सूचीबद्ध एजेंसियों के माध्यम से स्वतंत्र थर्ड पार्टी साइबर सुरक्षा ऑडिट भी जारी हैं। इन ऑडिट का उद्देश्य परीक्षा से जुड़े डिजिटल सिस्टम में संभावित कमजोरियों की पहचान कर उन्हें समय रहते दूर करना है। यह पूरा सुरक्षा ओवरहाल एनईईटी पेपर लीक विवाद के बाद एनटीए की परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित और नियंत्रित बनाने की व्यापक प्रक्रिया का हिस्सा है।
● तीनों स्तरों पर सुरक्षा सख्त करने के लिए योजना बनाई
● परीक्षा से पहले तैयारियों की समीक्षा की जाएगी