जिले में स्कूल में गैस रिसाव की घटना पर शिक्षिका निलंबित, उच्चस्तरीय जांच समिति गठित
हरदोई। विकासखंड सांडी के एक परिषदीय विद्यालय में रसोई गैस सिलेंडर से गैस रिसाव की घटना के मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कड़ा कदम उठाते हुए सहायक अध्यापिका श्रीमती शाहीन बानो को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई 23 सितंबर 2026 को जारी कार्यालय आदेश के तहत की गई है।
आदेश के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को विद्यालय में गैस रिसाव की घटना सामने आई थी। आरोप है कि विद्यालय में रसोई गैस सिलेंडर से गैस का रिसाव हुआ और रसोइया ने गैस की चपेट में आने के बाद सिलेंडर को हटाने का प्रयास किया। घटना के दौरान विद्यालय में मौजूद गैस चूल्हे एवं अन्य उपकरणों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के आदेश में कहा गया है कि विद्यालय में रसोई गैस, पाइप, रेगुलेटर एवं अन्य संबंधित उपकरणों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना आवश्यक है। गैस लीक होने की स्थिति में समय रहते जांच न होना गंभीर लापरवाही की श्रेणी में आता है।
आदेश में संबंधित शिक्षिका से घटना के संबंध में लिखित स्पष्टीकरण तत्काल प्रस्तुत करने को कहा गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक/समाधानकारी स्पष्टीकरण न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित शिक्षिका की होगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की गई है। जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी सांडी को नामित किया गया है तथा संबंधित अधिकारियों को प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, आदेश में सोशल मीडिया पर चल रही खबरों का भी उल्लेख किया गया है। इनमें शिक्षिका के स्वास्थ्य खराब होने तथा उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराए जाने की बात सामने आने का जिक्र है। विभाग ने पूरे मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।
रिपोर्ट: हरदोई
