आधी रात स्कूल के सैकड़ों जेन अल्फा छात्र सड़क पर, जाने पूरा मामला
बछरावां शेखपुर समोधा गांव स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय आश्रम पद्धति विद्यालय में अव्यवस्थाओं से परेशान सैकड़ों छात्रों का धैर्य बुधवार आधी रात जवाब दे गया। कक्षा नौ से 12 तक के छात्र रात करीब 11 बजे विद्यालय से निकलकर तीन किलोमीटर पैदल बछरावां पहुंचे और सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। बिजली, रहने की व्यवस्था, भोजन और साफ-सफाई को लेकर छात्रों में नाराजगी थी। प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद छात्र विद्यालय लौट गए।
विद्यालय में 350 से अधिक छात्र पढ़ते हैं। छात्रों का कहना है कि विद्यालय में लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर कई महीनों से खराब हालत में था। मंगलवार दोपहर इसके जवाब देने के बाद पूरे परिसर की बिजली ठप हो गई। कमरों में पंखे बंद होने से उमस और गर्मी में छात्रों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सोलर प्लांट लगा है उससे भी राहत नहीं मिल रही।
रसोई में गंदगी, खाद्य सामग्री जमीन परः रसोई के स्टोर में भी सफाई और खाद्य सामग्री रखने की व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। स्टोर की दीवारों पर जाले और कीड़े मिले, जबकि खाद्य सामग्री जमीन पर रखी थी। सड़े आलू की दुर्गंध भी मिली। भोजन और खाद्य सामग्री की खराब व्यवस्था की शिकायत कई बार की गई, लेकिन समय रहते सुधार नहीं हुआ।
एक तख्त पर चार-चार छात्र छत से टपकता पानी
छात्रों के मुताबिक रहने के लिए पर्याप्त बेड नहीं हैं। कई जगह एक तख्त पर चार-चार छात्रों को सोना पड़ रहा है। कुछ कमरों में पंखे नहीं हैं तो कई जगह बारिश में छत से पानी टपकता है। सीलन और गर्मी के बीच छात्रों की परेशानी और बढ़ गई है।
जलभराव से मच्छरों का प्रकोप
विद्यालय परिसर में एक जगह जलभराव से तालाब जैसी स्थिति बनी है। गंदगी और मच्छरों के कारण छात्रों की परेशानी और बढ़ गई है। बिजली नहीं होने से रात में मच्छरों से बचना भी मुश्किल हो रहा है।
एसडीएम को मिलीं कमियां
छात्रों के प्रदर्शन के बाद गुरुवार को नवागंतुक एसडीएम आयुष अग्रवाल विद्यालय पहुंचे। उन्होंने करीब डेढ़ घंटे तक परिसर का निरीक्षण किया और छात्रों से उनकी समस्याएं सुनीं। एसडीएम ने बताया कि बिजली को लेकर छात्रों में सबसे ज्यादा नाराजगी है। निरीक्षण में अन्य कमियां भी सामने आई हैं। उन्होंने रसोई के स्टोर में खाद्य सामग्री की व्यवस्था सुधारने और कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।
प्रधानाचार्य की बात
प्रधानाचार्य अवधेश प्रसाद ने बताया कि नाराज छात्रों की समस्याएं सुनी गई हैं। व्यवस्थाओं में सुधार के लिए योजना बनाई है।
