सीतापुर: 69000 शिक्षक भर्ती के बीएड धारकों को ब्रिज कोर्स के लिए मिली 10 दिवसीय विशेष अनुमति
सीतापुर।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद सीतापुर के अनुरोध पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने 69000 शिक्षक भर्ती के अंतर्गत कार्यरत बीएड (B.Ed) डिग्री धारक शिक्षकों को बड़ी राहत दी है। मा० सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के क्रम में इन शिक्षकों के लिए NIOS द्वारा आयोजित अनिवार्य ब्रिज कोर्स को पूरा करने और परीक्षा में सम्मिलित होने की विशेष अनुमति प्रदान कर दी गई है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ० गोरखनाथ पटेल द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार:
ब्रिज कोर्स अनिवार्यता: 69000 शिक्षक भर्ती के तहत सीतापुर में कार्यरत वे बीएड डिग्री धारक शिक्षक, जिन्होंने वर्ष 2026 में छह महीने के अनिवार्य ब्रिज कोर्स के लिए आवेदन किया है, उन्हें NIOS के माध्यम से संचालित 10 दिवसीय ऑनलाइन प्रशिक्षण/संपर्क कक्षाओं को पूर्ण करने और परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी गई है।
अवकाश की प्रक्रिया: संबंधित शिक्षकों को नियमानुसार विशेष अवकाश स्वीकृत कराने के लिए साक्ष्य (प्रमाण) सहित अपना प्रार्थना पत्र संबंधित खण्ड शिक्षा अधिकारी (BEO) के समक्ष प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
बीएसए ने इस संबंध में जनपद के समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित कर दिया है।
