स्वगणना में बताना होगा किस शहर में लगवाया था कोविड का टीका, देने होंगे 40 सवालों का जवाब
ऑनलाइन स्वगणना के तहत देने होंगे 40 सवालों के जवाब, 16 नवंबर से होगी शुरुआत
प्रयागराज। जनगणना-2027 क दूसरे चरण के तहत स्वगणना की शुरुआत 16 नवंबर से होगी। कुल 40 सवालों के जवाब देने होंगे जिसमें कोविड-19 टीकाकरण के स्थान के बारे में भी बताना होगा।
इससे आंकड़े स्पष्ट होंगे कि कितने लोगों ने टीका लगवाया और किस शहर में कितने टीके लगाए गए। स्वगणना 30 नवंबर तक चलेगी। इसके साथ ही आर्थिक व गैर आर्थिक क्रियाकलाप के बारे में भी बताना हो।
विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और संबंध विच्छेदित महिला को वर्तमान में जीवित बच्चों की संख्या, कभी भी जीवित पैदा हुए बच्चों की संख्या के बारे में भी जानकारी देनी होगी। साथ ही बैंक खातों की संख्या, मोबाइल नंबर (यदि उपलब्ध हो), आधार नंबर (यदि उपलब्ध हो), वोटर आईडी नंबर
(यदि उपलब्ध हो), पासपोर्ट नंबर (यदि हो तो) बताना होगा। ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी देनी होगी।
ये जानकारियां भी देनी होंगी
व्यक्ति का नाम, मुखिया से संबंध, जेंडर, जन्मतिथि व आयु, वर्तमान वैवाहिक स्थिति, विवाह के समय आयु, पति/पत्नी का नाम, घोषित राष्ट्रीयता, धर्म, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति, माता-पिता का विवरण, निःशक्तता, व्यवसाय, उद्योग, व्यापार अथवा सेवा का स्वरूप, कर्मी का वर्ग, कार्यस्थल तक की यात्रा, जन्म स्थान, पूर्व निवास स्थान, स्थान परिवर्तन का कारण, स्थायी निवास स्थान का पता।
भाषा और शिक्षा पर भी होगा विशेष जोर
दूसरे चरण में भाषा व शिक्षा से जुड़ी जानकारियों पर भी विशेष जोर रहेगा। इसके तहत मातृभाषा एवं अन्य भाषाओं का ज्ञान, साक्षरता एवं डिजिटल साक्षरता की स्थिति, शैक्षणिक संस्थान में शिक्षा की तिथि, प्राप्त शिक्षा का उच्चतम स्तर और संकाय/विषय के बारे में बताना होगा।
