सोनभद्र में 2 सितंबर को भी स्कूल बंद, कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की छुट्टी
सोनभद्र। जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा और अत्यधिक जलजमाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सोनभद्र की ओर से जारी आदेश के अनुसार 2 सितंबर 2026 को कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालय बंद रहेंगे।
आदेश के मुताबिक यह अवकाश सभी परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त तथा समस्त बोर्ड के हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों पर लागू होगा। यानी कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए 2 सितंबर को शिक्षण कार्य नहीं होगा।
शिक्षकों के लिए क्या है आदेश?
विद्यालय बंद रहने के बावजूद शिक्षकों को घर से विभागीय कार्यों का निस्तारण करना होगा। आदेश में शिक्षकों को अपार आईडी, डीबीटी, यू-डायस प्लस एवं अन्य विभागीय कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं शिक्षक प्रशिक्षण का कार्य पूर्ववत चलता रहेगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं प्रधानाध्यापकों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
लगातार बारिश और जलभराव के कारण बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
